CHHAPRA DESK- सारण जिले के मांझी-एकमा मुख्य मार्ग पर हलखोरी साह उच्च विद्यालय के समीप सड़क किनारे गड्ढे से एक किशोरी का शव बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. जिसके बाद शव की शिनाख्त मांझी थाना क्षेत्र के चकाजी गांव निवासी नन्हक साह की 15 वर्षीय पुत्री मधु कुमारी के रूप में की गई. शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. परिजनों ने बताया कि मधु 3 अक्टूबर से अचानक घर से लापता थी. उसके लापता होने के बाद परिजन रिश्तेदारों के घर समेत आसपास के इलाकों में लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. आज सुबह गड्ढे में शव होने की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मधु के रूप में की गई. घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस घटना की गम्भीरता से जांच करने में जुटी है. वहीं परिवार वाले संदिग्ध मौत पर जांच की मांग कर रहे हैं.