PURNIA DESK - पूर्णिया पुलिस ने बायसी थाना क्षेत्र के दालकोला चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.3 किलोग्राम स्मैक बरामद की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 3 से 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है. गुप्त सूचना के आधार पर बायसी थाना पुलिस ने एक बाइक और एक टेंपो की तलाशी ली. तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित स्मैक बरामद हुई. पुलिस ने मौके से तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. इस मामले में पूर्णिया के एसएसपी शौर्य सुमन ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है. सभी थाना प्रभारियों को नशीले पदार्थ और अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में बायसी थाना पुलिस ने बीती देर रात गुप्त सूचना के बाद यह बड़ी खेप बरामद की. एसएसपी ने बताया कि इस पूरी घटना को लेकर जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी जाएगी.


