CHHAPRA DESK- सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत टरवा पोझिया गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना की सूचना के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं पति व ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं. महिला की पहचान जिले के कोपा थाना क्षेत्र के टरवा पोझिया गांव निवासी राजू कुमार महतो की 25 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी बताई गई है. जो कि जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के लगुनी टारी गांव निवासी कामेश्वर महतो की पुत्री थी. इस घटना के संबंध में मृतका के पिता के द्वारा बताया गया कि शादी के बाद ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और आज उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री को ससुराल वालों ने मार डाला है. जिसके बाद वह उसके ससुराल पहुंचे और तो पति व ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो चुके थे. वहीं सूचना के बाद कोपा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. इस संबंध में कोपा थाना अध्यक्ष के द्वारा बताया गया कि महिला का शव फंदे से बरामद किया गया है. मृतका के पिता के द्वारा पति व ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया गया है, जिसकी जांच की जा रही है. फिलहाल मौत के सही कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद मायके वालों को सौंप दिया गया है.