SIWAN / GOPALGANJ DESK- सिवान जिले के लकड़ीनबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बाला गांव में एक युवक की हत्या कर फेंके गए एक शव को पुलिस ने बंद घर से बरामद किया है. युवक का शव गमछे के सहारे फंदे से लटकते हुए पाया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृत युवक की पहचान गोपालगंज जिले के बेल्लोरपुर निवासी स्वर्गीय शंकर गिरी के पुत्र संतोष गिरी के रूप में हुई है. शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, बाला गांव में अशोक मांझी का एक मकान सुनसान इलाके में स्थित है. वहां लोगों का आना-जाना भी कम रहता है. उसी मकान के अंदर संतोष गिरी का शव मिला है.सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. मृतक के परिजनों का आरोप है कि संतोष की हत्या कहीं दूसरी जगह पिटाई कर की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सुनसान मकान में लाकर फंदे से लटका दिया गया है. वहीं परिजनों ने घटनास्थल पर मिले गमछे पर भी सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि बरामद गमछा संतोष का नहीं है.इसी आधार पर वे घटना को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. परिजनों के मुताबिक, संतोष शराब पीने के आदी था. रोज की तरह मजदूरी करने के लिए घर से निकला था. जिसके बाद उनके शव मिलने की सूचना मिली. उनकी पत्नी करीब तीन महीने पहले मायके चली गई थी. संतोष अपने पीछे एक छोटा बेटा छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.