SIWAN DESK - सिवान जिला अंतर्गत भगवानपुर हाट थाना अंतर्गत सरहरी में आम का पेड़ काटने को लेकर उत्पन्न आपसी विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा फायरिंग की गई. जिससे एक युवक गोली लगने के कारण गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी युवक स्थानीय निवासी राजकिशोर सिंह का पुत्र संजीत कुमार बताया गया है. उस मामले में राजकिशोर सिंह के द्वारा एक लिखित आवेदन थाना पुलिस को दी गई, जिसमें उनके द्वारा बताया गया है कि स्थानीय निवासी मनोज सिंह के पुत्र आयुष कुमार के द्वारा संजीत कुमार को जान से मारने के नीयत से पिस्तौल से फायरिंग करने की घटना कारित की गई है.

इस संबंध में उक्त लिखित आवेदन के आधार पर भगवानपुर हाट थाना कांड संख्या 396/26 आर्म्स एक्ट के तहत कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है. कांड के तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर कांड के नामजद अभियुक्त आयुष कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया. पुछताछ के क्रम में उक्त अभियुक्त द्वारा कांड में अपनी संलिप्ता स्वीकार की है तथा अभियुक्त के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया गया है. तत्पश्चात उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.