CHHAPA / SIWAN - आप आभूषण का व्यवसाय करते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है. आप सावधान हो जाए ! क्योंकि ठगी का यह तरीका आपके पैरों तले से जमीन खिसका सकता है. थोड़ी सी लापरवाही आपको बड़े ठगी का शिकार बना सकती है. ऐसा ही एक मामला छपरा शहर से सामने आया है. पीएन ज्वेलर्स संचालक एक बड़े ठगी का शिकार होते-होते बच गया. उस दौरान एक ठग को भी पकड़ पुलिस को सौंपा गया है. उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है. गिरफ्तार ठग सिवान जिला अंतर्गत जैजोर गांव निवासी गोरख खरवार का 28 वर्षीय पुत्र आशीष खरवार बताया गया है. हालांकि उस दौरान दूसरा ठग भाग निकलने में सफल रहा है.
यह गिरोह ऐसे करता है ठगी
इस गिरोह के सदस्य पहले आपकी दुकान पर पहुंचते हैं और शादी-विवाह का गहना खरीदने की बात कह कर आभूषण पसंद करते हैं और भुगतान प्रक्रिया समझते हैं. फिर आपकी दुकान का अकाउंट नंबर लेकर जाते हैं रुपए ट्रांसफर करने की बात कहते हैं. आपके खाते में रुपए ट्रांसफर करने के बाद दूसरे दिन वे आपकी दुकान पर सामान की डिलीवरी लेने पहुंचते हैं. ऐसी स्थिति में माल की डिलीवरी देते समय आप अपने अकाउंट को एक बार अवश्य चेक कर लें.
ऐसे खुला ठगी का मामला
इस ठगी का खुलासा पीएन ज्वेलर्स संचालक नागेंद्र प्रसाद के द्वारा किया गया. उनके द्वारा बताया गया कि बीते दिन आशीष उनकी दुकान पर एक अन्य युवक के साथ आया था और शादी विवाह का गहना खरीदने की बात कह कर कुछ आभूषण पसंद कर लिया और बोला कि आपके खाते में रुपए ट्रांसफर करवाने के बाद वह आभूषण ले जाएगा. जिसके बाद अकाउंट नंबर लेकर चला गया. उसी दिन उसने अकाउंट में ₹7.50 लाख ट्रांसफर कर दिए. जिसके बाद वह अगले दिन पुनः उनकी दुकान पर आया और आभूषण निकलवा लिया, जिसकी कीमत ₹8 लाख हुई. उस दौरान उन्हें कुछ शक हुआ जिसके बाद उन्होंने अपना अकाउंट का बैलेंस चेक करवाया तो पाया कि उनके अकाउंट को फ्रीज कर दिया गया है. इतनी देर में एक ठग ₹50000 बैंक से निकलने की बात कह कर दुकान से बाहर चला गया. इतनी देर में दूसरा ठग आशीष भी दुकान से निकल कर बाहर जाने लगा. तब कर्मियों की मदद से उसे पकड़ लिया गया और दुकान पर बैठाया गया. तब पता चला कि उनके खाते में रुपए ट्रांसफर कर उसे लॉक करवा दिया गया था और रुपए वापस हो गए थे. रुपए उनके खाते से निकल चुके थे. जिसके बाद उनके द्वारा भगवान बाजार थाना को सूचना देकर उसे पुलिस को सौंपते हुए उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.


