CHHAPRA DESK - सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसागढ़ बाजार के स्वर्ण व्यवसायी संदीप सोनी से बीते दिन सोना-चांदी व मोबाईल लूट के विरोध में आज परसागढ़ बाजार के लगभग दो दर्जन स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया. व्यवसायियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. बाजार बंद की सूचना मिलने पर एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवसायियों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया. उसी दौरान एकमा विधायक मनोरंजन कुमार सिंह धूमल भी परसागढ़ बाजार पहुंचे और व्यवसायियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. विधायक श्री सिंह ने व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक पहल की जाएगी.
विधायक ने कहा कि परसागढ़ बाजार में पुलिस चौकी दोबारा खोलने को लेकर उन्होंने सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक से बातचीत की थी. इसके लिए व्यवसायियों से लिखित आवेदन देने को कहा गया था, लेकिन अब तक व्यवसायियों की ओर से आवेदन नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि यदि व्यवसायी पुलिस चौकी खोलने के लिए लिखित मांग करते हैं तो वे पुनः एसएसपी सारण से बातचीत कर चौकी खोलने की दिशा में पहल करेंगे. व्यवसायियों ने विधायक के समक्ष बाजार में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, पुलिस चौकी पुनः स्थापित करने तथा लूट की घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग रखी. विधायक ने उनकी मांगों पर गंभीरता से पहल करने का भरोसा दिया.
पेट्रोल पंप के पास नकाबपोश अपराधियों ने की थी लूट
बता दें कि एकमा-परसागढ़ मुख्य सड़क पर उससे पूर्व से एक पेट्रोल पंप के समीप नकाबपोश अज्ञात अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी संदीप सोनी को निशाना बनाया था. अपराधियों ने हथियार के बल पर सोना-चांदी के आभूषण, नकद, मोबाइल समेत अन्य सामान लूट लिया और फरार हो गए थे. घटना के बाद से ही व्यवसायियों में आक्रोश था. इधर, एकमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. थानाध्यक्ष रामबालक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. अपराधियों के संभावित ठिकानों पर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है.


