CHHAPRA DESK - छपरा-पटना मुख्य मार्ग स्थित एनएच-19 पर दिघवारा थाना अंतर्गत मानुपुर ओवरब्रिज के समीप बीती देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 5 वर्षीय एक बालक की कुचलकर मौके पर मौत हो गई. वही इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल उसके पिता की मौत पीएमसीएच में उपचार के दौरान देर रात्रि हो गई. इस घटना की सूचना के बाद पूरे परिवार एवं गांव में कोहराम मचा हुआ है. सड़क दुर्घटना में मृत बालक की पहचान जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर डुमरी गांव निवासी सोनू कुमार साह के 5 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ कुमार के रूप में की गई है. जिसकी मौकेपर मौत हुई है. वहीं गंभीर से घायल उसके पिता को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया था, जहां देर रात्रि उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई. इस घटना की सूचना के बाद घर परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं इस घटना की सूचना पर दिघवारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां देर रात तक शव का पोस्टमार्टम कराये जाने की प्रक्रिया पूरी की गई. जिसके बाद परिवार वालों के आग्रह एवं प्रशासनिक आदेश के बाद देर रात्रि शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिवार वालों को सौंप दिया गया. जबकि, उसके पिता के शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में कराए जाने की प्रक्रिया जारी है. इस संबंध में बताया जा रहा है कि सोनू साह अपने 5 वर्षीय बच्चे को साइकिल पर बैठकर साइकिल से जा रहे थे. उसी बीच दिघवारा थाना अंतर्गत मानुपुर ओवर ब्रिज से पहले पुल से तेज गति से आ रही किसी वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी और बच्चे के गिरने के साथ ही उसे कुचलते हुए निकल गई. इस दुर्घटना में जहां सिद्धार्थ की मौत मौके पर हुई, वहीं उसके पिता सोनू की मौत पीएमसीएच में उपचार के दौरान हो गई.
अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम की कुचलकर मौके पर मौत ; पिता की इलाज के दौरान पटना में हुई मौत


