SIWAN DESK - सिवान में दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक फाइनेंसकर्मी को मौत के घाट उतार दिया और वह भी थाना से महज 500 गज की दूरी पर. इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृत युवक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी अखिलेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह का 30 वर्षीय पीकलू उर्फ नीतीश कुमार के रूप में हुई है. अपराधियों ने वारदात को जीबी नगर थाना से 500 मीटर की दूरी पर अंजाम दिया है. घटना तरवारा नहर के पास की है.
बताया जाता है कि दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने नीतीश को घेरकर फायरिंग की. गोली लगने के बाद नीतीश जमीन पर गिर पड़ा. उस दौरान भी अपराधी उस पर फायरिंग करते रहे और बताया जा रहा है कि उसे चार गोली लगी है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाऊ लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. इस संबंध में परिजनों ने बताया कि नीतीश अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद बाजार गया था. वहां दाढ़ी बनवाने के बाद बाइक से घर लौट रहा था उसी दौरान तरवारा नहर के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. अपराधियों ने बेहद करीब से नीतीश को निशाना बनाकर कई गोलियां चलाईं. फायरिंग के बाद अपराधी कुछ दूर गए और फिर वापस लौटकर नीतीश की स्थिति देखी, अपराधियों ने नीतीश को हिला-डुला कर देखा. जिसके बाद सभी मौके से फरार हो गए.
सिर, सीना, पेट और हार्ट में मारी गोली
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस और परिजनों को सूचना दी. जीबी नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल नीतीश को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक नीतीश के भतीजे सन्नी ने बताया कि चार गोलियां शरीर के अंदर फंसी हुई हैं, जो सिर, सीना, पेट और हार्ट में लगी हैं.
मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी
सूचना प्राप्त होते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 एवं थानाध्यक्ष जी बी नगर द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया तथा मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेजा गया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया.वहीं घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच, एफएसएल टीम द्वारा करायी गई तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गये. साथ ही, घटना के उद्भेदन एवं अपराधियों की पहचान के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है.


