CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत मशरक नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम के खिलाफ आज प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। मढ़ौरा एसडीओ निधि राज एवं डीएसपी संजय कुमार सुधांशु के नेतृत्व में गठित टीम ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में संचालित पांच नर्सिंग होम पर छापेमारी की. टीम ने थानांतर्गत यदु मोड़, महावीर चौक, महाराणा प्रताप चौंक एवं मुन्नी मोड़ स्थित कुल पांच नर्सिंग होम पर छापेमारी की. कार्रवाई की भनक लगते ही अधिकांश नर्सिंग होम के संचालक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए, जिसके कारण कई संस्थान बंद मिले. प्रशासनिक टीम ने सभी चिन्हित नर्सिंग होम का निरीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. इस दौरान संस्थानों के संचालन से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया गया तथा संचालकों की पहचान सुनिश्चित करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. छापेमारी अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा. अभियान में बीडीओ पंकज कुमार, थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. मढ़ौरा एसडीओ निधि राज ने बताया कि मशरक में पांच नर्सिंग होम पर छापेमारी की गई है. सभी नर्सिंग होम और उनके संचालकों की पहचान कर ली गई है. जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बिना मान्यता के संचालित नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड केंद्र और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. आम लोगों के जीवन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध संचालन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ऐसे संस्थानों पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.