CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत मशरक नगर पंचायत क्षेत्र के पूरब टोला गांव में अवैध तरीके से संचालित किए जा रहे नर्सिंग होम के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की. जिले से मिले निर्देश के आलोक में की गई कार्रवाई के दौरान एक क्लीनिक को सील कर दिया गया, जबकि एक अन्य क्लीनिक बंद पाया गया. कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा बनी रही. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरब टोला गांव स्थित मां अम्बे क्लीनिक की जांच की। जांच के बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया. वहीं, आसपास संचालित एक अन्य क्लीनिक भी टीम को बंद मिला. कार्रवाई के दौरान सीएचसी मशरक के प्रभारी डॉ अनंत नारायण कश्यप, डॉ चंद्रशेखर सिंह, दारोगा बालमुकुंद सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस बल की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई पूरी की. इधर, सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में करीब दो दर्जन अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर भी छापेमारी की गई. स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही सभी संबंधित सेंटर बंद पाए गए. सेंटरों के बंद मिलने के बाद संचालकों के मौके पर मौजूद नहीं होने की बात सामने आई. विभाग द्वारा इन सेंटरों के संचालन से संबंधित कागजात और अन्य आवश्यक मानकों की जांच के लिए कार्रवाई की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग की लगातार हो रही कार्रवाई से बिना वैध अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, नर्सिंग होम और जांच केंद्रों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
अवैध तरीके से संचालित नर्सिंग होम को प्रशासन ने किया सील ; अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर की गई छापेमारी


