CHHAPRA DESK –   छपरा शहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है, जहां मामला ऑनर किलिंग का हो जाता, लेकिन चाकू नवविवाहिता के बाजू को चीरती हुई सीने में जा घुसी और उसे गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया. मामला जिले के परसा थाना क्षेत्र का है. चाकूबाजी में जख्मी विवाहिता परसा थाना क्षेत्र के लतरहिया गांव निवासी सूरज सहनी की पत्नी अनिशा कुमारी बताई गई है.

प्रेम विवाह को परिवार वालों ने नहीं किया स्वीकार

पूरा मामला प्रेम प्रसंग में भाग कर प्रेमी संग शादी रचाने का है. जिससे नाराज उसके भाई व माता-पिता ऑनर किलिंग के लिए अमादा हैं. बीते दिनों अनिशा अपने प्रेमी सूरज सहनी के साथ घर छोड़कर अचानक फरार हो गई और दिल्ली में जाकर दोनों ने शादी रचा ली. इस मामले में उसके माता-पिता के बयान पर परसा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. जिसको लेकर अनिशा ने अपने बालिग होने का प्रमाण देते हुए परसा थाना अध्यक्ष को सूचना दी कि वह छपरा में है और कोर्ट में बयान देना चाहती है. जिसके बाद परसा थाना पुलिस नगर थाना पहुंची, जहां अनिशा के द्वारा नगर थाने में बैठकर परसा थाना के पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया.

बाइक सवार भाइयों ने किया जानलेवा हमला

थाना में अपना बयान दर्ज कराने के बाद वह 180 का बयान के लिए दो पुलिसकर्मियों के साथ टेंपो में सवार होकर कोर्ट जा रही थी. वह जैसे ही टेंपो से थाना चौक पहुंची तभी बाइक सवार उसके भाइयों ने उसके ऊपर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. टेंपो में किनारे बैठे होने के कारण चाकू उसके बाजू को चीरती हुई सीने में जा घुसी. उस दौरान स्थानीय लोगों और टेंपो सवार पुलिस कर्मियों के द्वारा दौड़कर उन्हें खदेड़ा गया तब तक वे लोग बाइक से भाग निकलने में सफल रहे. जिसके बाद जख्मी हालत में अनिशा को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.