CHHAPRA DESK- छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत थाना रोड स्थित शिव मंदिर के भूमि का कथित बजरंग दल के कार्यकर्ता के द्वारा अतिक्रमण किए जाने के बाद मामला विवादों में है. बीते दिन इस विवाद को लेकर मंदिर के एक सदस्य को मारपीट कर जख्मी कर दिया गया. इस घटना के बाद आज मोहल्ले वासियों के द्वारा शिव मंदिर के समीप स्थित दुर्गा मंदिर पर एक आवश्यक बैठक बुलाई गई. जिसमें लोगों ने कथित बजरंग दल के कार्यकर्ता सोहन राय के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया. वहीं, दुर्गा मंदिर के पूजा की तैयारी को भी स्थगित करते हुए उन लोगों ने मांग रखी है कि जब तक जिला प्रशासन सही निर्णय पर नहीं पहुंचता है तब तक दुर्गा पूजा की तैयारी भी बाधित रहेगी और आक्रोश जारी रहेगा. क्योंकि उक्त व्यक्ति के द्वारा उन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है तथा उन पर गलत गलत आरोप भी लगाए जा रहे हैं. हालांकि दोनों पक्षों का मामला थाने में पहुंच चुका है.
क्या है पूरा मामला ?
बता दें कि थाना रोड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप वर्षों पुराने शिव मंदिर के परिसर में ही एक गुमटी नुमा पहले से था और अब वह पक्का का रूप ले चुका है. मंदिर निर्माण को लेकर मोहल्ले वासियों ने अथक प्रयास से चंदा एकत्रित किया और अब मंदिर भव्य रूप लेने के लिए तैयार है. लेकिन, मंदिर के चारों कोने पर पिलर लगाने में दिक्कत आ रही है. क्योंकि, एक कोने में कथित बजरंग दल कार्यकर्ता सोहन राय का दूध का दुकान है, जिसे खाली करने को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. विवाद के बाद मारपीट भी हो गई और अब मामला थाने में है.
मोहल्ले वासियों में आक्रोश
बता दें कि मंदिर निर्माण और पूजा पाठ में मोहल्ले के हिंदू, मुस्लिम, सिख व अन्य समुदाय के लोग भी शामिल हैं, जो कि निर्माण में बढ़-चढ़कर का हिस्सा ले रहे. लेकिन, मंदिर को अतिक्रमण किए जाने के बाद उन सभी में खासा आक्रोश देखने को मिला और सभी लोगों ने मंदिर परिसर में बैठक कर दुर्गा पूजा की तैयारी को स्थगित करते हुए निर्णय लिया कि जब तक शिव मंदिर का निर्माण चालू नहीं होता है तब तक वह पूजा पाठ व सारे कार्य को बाधित रखेंगे. उनका कहना है कि अगर बजरंग दल के कार्यकर्ता मंदिर की जमीन पर कब्जा करने लगेंगे तो फिर मंदिरों की रक्षा कौन करेगा.


