CHHAPRA DESK- इस वक्त की बड़ी खबर सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र से सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने घर के बाहर बैठी एक महिला को गोली मार दी है. जिसके बाद आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है. गोली लगने से जख्मी महिला तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तरैया गांव निवासी स्व अवधेश सिंह की 55 वर्षीय पत्नी नीलम देवी बताई गई है. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉक्टर सुब्रत कुमार के द्वारा उसे बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. इस संबंध में जख्मी महिला के परिवार वालों ने बताया कि वह घर के बाहर बैठी थी तभी एक बाइक पर दो युवक पहुंचे और उन्हें गोली मार कर भाग निकले. वही इस घटना के कारणों से उनके द्वारा अनभिज्ञता जाहिर की गई है. उन लोगों ने किसी से भी विवाद नहीं होने की बात बताई है. अब सवाल यह उठता है कि अपराधियों ने उन्हें गोली किस कारण से मारी है, यह जांच का विषय है। फिलहाल सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. वहीं समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी.