CHHAPRA DESK - सारण जिला के डोरीगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2880 लीटर स्प्रिट बरामद किया. बरामद स्प्रिट को 40-40 लीटर क्षमता वाले 72 जार में भरकर पिकअप वाहन में रखा गया था. वाहन को तिरपाल से पूरी तरह ढका गया था ताकि पता नहीं चल सके. पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन झारखंड से आरा-छपरा पुल के रास्ते छपरा की ओर जा रहा था. गुप्त सूचना मिलने के बाद डोरीगंज थानाध्यक्ष राजशेखर के नेतृत्व में एसआई महेश कुमार एवं सशस्त्र बल के जवानों ने कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में स्प्रिट बरामद हुआ. हालांकि पुलिस को देखते ही पिकअप का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की पहचान तथा उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है. इतनी बड़ी मात्रा में स्प्रिट की बरामदगी से अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.