CHHAPRA DESK - सारण जिला के मढौरा थाना क्षेत्र के इसरौली गांव में आज भूमि विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सभी जख्मी को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. जख्मी में स्थानीय थाना क्षेत्र के इसरौली गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार, विष्णु कुमार, जितेंद्र कुमार और मनोज साह शामिल है. सदर अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र कुमार की स्थिति नाजुक देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया है. जबकि अन्य तीन जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.


घटना के संबंध में सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि आज सुबह परिवार के सदस्य अपने खेत में गोबर फेंक रहे थे. उसी दौरान पड़ोस के कुछ लोग वहां पहुंचे और जमीन विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपितों ने धारदार हथियार एवं चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनको बचाते हुए तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलने के बाद मढौरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पीड़ित पक्ष की ओर से इस मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस प्राथमिकी के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.