CHHAPRA DESK - सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव में बाइक चोरी के दौरान घर के लोगों ने चोर को पकड़ लिया, जिसके बाद चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी. उस दौरान एक युवक के सीने में गोली लगी. जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई और चोर बाइक छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकले. घटना बीती देर रात्रि की बतलाई गई है. वहीं इस घटना के बाद जख्मी युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए पटना रेफर किया गया है. फिलहाल उसका उपचार पटना के एक निजी अस्पताल गीतांजलि में उसका उपचार चल रहा है. जख्मी युवक जिले के मढौरा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी देव कुमार राय का 18 वर्षीय पुत्र विकास कुमार बताया गया है. 

अपनी भी बाइक छोड फायरिंग करते भागे पांचो बदमाश 

 इस घटना के संबंध में जख्मी के चचेरे भाई सचिन कुमार यादव ने बताया कि वे लोग घर में सो रहे थे और बाइक को बरामदे में जंजीर से ताला लगाकर रखा गया था. देर रात उनका छोटा भाई अंकित कुमार लघुशंका के लिए उठा और आवाज सुनकर जैसे ही बरामदे में पहुंचा तो देखा कि दो चोर उनकी बाइक के लॉक को तोड़ रहे हैं और घर के बाहर तीन चोर बाइक लेकर खड़े हैं. जिसके बाद उसने शोर मचाया और एक चोर को पकड़ लिया. इतनी देर में सचिन और विकास सहित घर के सभी लोग बरामदे में पहुंचे और एक चोर को पकड़ कर मारपीट करने लगे, तभी बाहर खड़े अन्य चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी. उस दौरान एक गोली विकास के सीने में लग गई. जिसके बाद अफरातफरी मच गई और अंधेरे का लाभ उठाते हुए बदमाश अपनी भी बाइक छोड़कर गांव से भाग निकले. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में बयान दर्ज नहीं होने के कारण प्राथमिकी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है. वहीं थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस घटना के संज्ञान में आने के बाद उनके द्वारा मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है.