CHHAPRA DESK - सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां थानांतर्गत रसूलपुर गांव स्थित मिडिल स्कूल के समीप दो बाइक सवार अपराधियों ने दनादन फायरिंग कर भाजपा नेता के भाई को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. बताया जा रहा है कि अपराधियों द्वारा करीब चार से पांच राउंड गोली चलाई गई, जिसमें उसके शरीर में तीन गोली लगी है. गंभीर स्थिति में उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर वहां से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है. गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र निवासी बजरंगी प्रसाद सोनी के रूप में की गई है. इस सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है. वहीं पुलिस घटना की बारीकी से जांच कर रही है. फिलहाल जख्मी बजरंगी प्रसाद सोनी की स्थिति नाजुक बनी हुई है. बताया जा रहा है उसके भाई जितेंद्र सोनी भाजपा के नेता है. फिलहाल गोली मारे जाने के विषय में विस्तृत जानकारी हासिल नहीं हो पाई है. इस संबंध में अमनौर थाना अध्यक्ष ने बताया कि कुछ रोज पहले मारपीट की घटना हुई थी. प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद का प्रतीत हो रहा है. बयान दर्ज होने के बाद विस्तृत जानकारी हासिल हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है.

दुकान बंद कर घर लौटने के दौरान फायरिंग 

बताया जा रहा है अमनौर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सोनी के भाई बजरंगी प्रसाद सोनी रसलपुर बाजार स्थित अपनी सोने चांदी की दुकान को बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. उसी बीच घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने पीछा कर ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना मिडिल स्कूल मार्ग से गुजरने के दौरान हुई है. जहां पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया और पीछे से कई राउंड फायरिंग कर दी. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और ज़ख्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर चिकित्सा के लिए उसे पीएमसीएच रेफर किया गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा डीएसपी सुवेंदु दास, अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.