SIWAN DESK- सिवान से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एक साथ दो युवकों को गोली मार दी. वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना बीती देर रात की बताई गई है. बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे. उसी दौरान रास्ते में तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के बाद पटना रेफर किया गया है. घटना सिवान जिला के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि राहुल कुमार पांडेय और सिद्धार्थ वर्मा अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे. दोनों को अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में उनके साथ इतनी बड़ी वारदात होने वाली है. जैसे ही दोनों की बाइक एक मोड़ के पास पहुंची, आरोप है कि तीन नकाबपोश युवकों ने बाइक आगे लगाकर उनका रास्ता रोक दिया. राहुल के मुताबिक, उसी दौरान आरोपियों में शामिल अरमान नाम के युवक ने पिस्टल निकालकर उन पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से राहुल और सिद्धार्थ दोनों घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है. राहुल का आरोप है कि पिछले साल दिवाली के दौरान भी आरोपियों के साथ उनका विवाद हुआ था और उस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. राहुल का दावा है कि उसी पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, गोलीबारी की इस पूरी घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.
बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक के सीने में मारी गोली ; दूसरे के हाथ में लगी गोली, रेफर

