CHHAPRA DESK- इस वक्त की बड़ी खबर छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत कटरा बारादरी मोहल्ले से सामने आई है, जहां जिउतिया पर्व के दिन किसी विवाद में चाकू बाजी की घटना हुई है. जिसमें चाकू लगने से गंभीर स्थिति में एक युवक को पटना रेफर किया गया है. वहीं दूसरे पक्ष से से भी किसी युवक के जख्मी होने का समाचार है, जिसका इलाज कहीं अन्यत्र कराया जा रहा है. हालांकि चाकू मारने वाले को मोहल्ले वासियों ने पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह चाकू भांजते हुए भाग निकलने में सफल रहा. घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के अड्डा नंबर तीन, कटरा बरादरी के समीप की बताई गई है. चाकूबाजी में जख्मी युवक स्थानीय थाना क्षेत्र के कटरा बरादरी मोहल्ला निवासी राकेश सोनी का 19 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार सोनी बताया गया है. जख्मी युवक को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उसे पटना रेफर किया गया है. हालांकि फिलहाल उसका उपचार शहर के भगवान बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में कराया जा रहा है. चाकू उसके पेट और सिर में लगा है. परिजनों के अनुसार, आयुष देर शाम कहीं जा रहा था. उसी दौरान पुराने व जर्जर अड्डे के समीप कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसको इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं दूसरे पक्ष से भी एक युवक के जख्मी होने का समाचार है, जिसका इलाज कहीं निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी प्रक्रिया जारी थी.
जर्जर भवन में नशेड़ियों का जमावड़ा
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल के समीप स्थित पुराना अड्डा काफी समय से जर्जर है. यहां प्रतिदिन नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. लोगों का कहना है कि शाम के समय इस रास्ते से गुजरने में डर बना रहता है. नशे का सेवन करने वाले लोग अक्सर यहां बैठे रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से जर्जर अड्डे को हटाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है.

