CHHAPRA DESK - सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज व खौफनाक खबर सामने आई है, जहां दोस्त की चाकू व धारदार हथियार से हत्या करने के बाद एक दोस्त सीधे थाना पहुंच गया और उसके द्वारा बताया गया कि विवाद हुआ तो हम लोगों ने मिलकर उसे काट डाला. उक्त बयान देने वाला युवक जनता बाजार थाना क्षेत्र निवासी आकाश कुमार बताया गया है, जिसके द्वारा यह भी बताया गया कि उन लोगों ने लाश को कहां फेंका है. मामला खुलने के बाद पूरे घर परिवार में कोहराम मच गया. वहीं सूचना के बाद जनता बाजार थाना पुलिस ने जाकर खेत से उसके शव को बरामद कर लिया है. उक्त किशोर की पहचान जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र के बगछिया गांव निवासी जीउत राम के 17 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में की गई है. इस घटना के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है, जहां परिवार वालों ने गांव ले जाने के बाद शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और बवाल करना शुरू कर दिया है. फिलहाल पुलिस आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझाने बुझाने में लगी हुई है. 

दोस्तों के साथ घर से निकला था वापस नहीं लौटा 

इस घटना के संबंध में मृतक के भाई व परिवार वालों का कहना है कि गांव के ही बड़े समाज के कुछ लड़कों के साथ उसका उठना बैठना व दोस्ती थी. बीती देर शाम तीन-चार दोस्तों के साथ वह घर से बाहर निकाला था लेकिन वापस नहीं लौटा. जिसके बाद खोजबीन के क्रम में उन्हें थाना पुलिस के द्वारा सूचना दी गई कि उसकी हत्या कर उसके शव को खेत में फेंका गया है. जिसके बाद वे लोग वहां रोते-पीटते पहुंचे. इस मामले में उसके एक दोस्त आकाश कुमार के द्वारा थाना में जाकर घटना को स्वीकार करते हुए बताया गया है कि विवाद के बाद उन लोगों ने चाकू से गोदकर रोहित की हत्या की है. 

हत्या के बाद आकाश ने ही खोला राज 

रोहित की हत्या के बाद आकाश सीधे जनता बाजार थाना पहुंच गया और उसके द्वारा हत्या किए जाने की बात को सहर्ष स्वीकार करते हुए पुलिस को जानकारी दी कि विवाद के बाद मारपीट हुई और रोहित की दोस्तों के साथ मिलकर उसने हत्या की है. यह सुनकर थोड़ी देर के लिए थानेदार भी सोंच में पड़ गए, लेकिन उसके बताए जगह से जब शव को बरामद किया गया तो पुलिस के भी होश उड़ गए. इस संबंध में जनता बाजार थाना अध्यक्ष ने बताया कि उक्त युवक के द्वारा थाना पर आकर हत्या की जानकारी दी गई और बताया गया कि लाश कहां उन लोगों के द्वारा फेंका गया है. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंपा गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की अनुसंधान में जुटी हुई है. आकाश को गिरफ्तार कर उसके अन्य दोस्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.