CHHAPRA DESK- सारण जिले के अमनौर थाना अंतर्गत हुसेपुर गनोरा गांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोप के बाद उस महिला के सास को हिरासत में ले लिया है. जबकि, परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो चुके हैं. मृत महिला स्थानीय थाना क्षेत्र के हुसेपुर गनोरा गांव निवासी मनीष कुमार की 24 वर्षीय पत्नी खुशबू कुमारी बताई गई है. जो कि गड़खा थाना क्षेत्र के मीठेपुर गांव निवासी चंद्रिका राय की पुत्री थी. उसके मौत का समाचार मिलते ही उसके पिता व परिवार के अन्य सदस्य उसके ससुराल गनौरा पहुंचे, जहां रोना पीटना शुरू हो गया. वहीं उनकी शिकायत के बाद पुलिस में उस महिला के सास को हिरासत में ले लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है. इस घटना के बाद पूरे घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर हॉस्पिटल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के पिता व परिवार वालों ने बताया कि करीब 6 माह पहले ही उनके द्वारा दान-दहेज के साथ खुशबू की शादी गनोरा गांव निवासी मनीष कुमार के साथ की गई थी. शादी के बाद वह लोग दहेज के लिए बराबर रुपए की मांग करते थे और दहेज के लिए उन लोगों के द्वारा गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.