CHHAPRA DESK - सारण जिला के बनियापुर थाना क्षेत्र के पिठौरी गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. वहीं आरोप प्रत्यारोप के बाद ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं. मायके वालों ने विवाहिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मृतका की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के पिठौरी गांव निवासी लालबाबू प्रसाद की 27 वर्षीय पत्नी पूजा देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि पूजा का पति के साथ प्रायः मारपीट व झगड़े हुआ करते थे. ग्रामीणों के अनुसार पति के शराब पीने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. बीती रात उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटकते पाया गया था. अब यह जांच का विषय है कि उसकी हत्या की गई है या मामला आत्महत्या क्या है. वहीं इस घटना की जानकारी मिलने पर जलालपुर थाना क्षेत्र के सवरी जलालपुर निवासी मायके पक्ष के लोग पिठौरी पहुंचे और शव देखकर विलाप करने लगे. वहीं मायके वालों ने पूजा की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद शुरू कर दिया. उस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की भी बात सामने आई है. वहीं घटना की सूचना मिलने पर बनियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस स्टेशन को कब्जे में लेकर आज सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे मायके वालों को सौंप दिया है.


