GOPALGANJ DESK - गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी काबूल हुसैन के पुत्र सलमान हुसैन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं देश विरोधी बातें कही गई हैं. बता दें कि सलमान हुसैन वर्तमान में भोपाल में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है. इस मामले को लेकर हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार साह ने बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में फुलवरिया थाने में सनहा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने युवक के भाई को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, पुलिस की ओर से सलमान हुसैन से फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला है. इसके कारण फिलहाल उससे सीधे संपर्क नहीं हो सका है. एसडीपीओ ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को हटाने के लिए पुलिस स्तर से आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं. इसके साथ ही वीडियो की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो कहां और कब बनाया गया और किस सोशल मीडिया आईडी से और किस समय अपलोड किया गया. इसके अलावा वीडियो की सत्यता, उसमें कही गई बातों के वास्तविक संदर्भ और वीडियो के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है. जांच और फैक्ट्स वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद सामने आने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
देश विरोधी व धार्मिक उन्माद फैलाने वाला वीडियो वायरल ; युवक के खिलाफ सनहा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

