CHHAPRA DESK - सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेजपुरवा चौक पर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद परिजन व आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. मृत युवक की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ी बैज निवासी धर्मनाथ सिंह के एकलौते पुत्र 26 वर्षीय बिट्टू कुमार के रूप में हुई है. इस घटना के बाद बाइक सवार अपराधी गौरा की तरफ फरार हो गए. बताया जाता है कि युवक तेजुरवां चौक पर कुछ समान खरीद रहा था तभी बाइक सवार अपराधियों ने उसके ऊपर फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से उस युवक की मौके पर मौत हो गई. वहीं सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुट गई है. चौक पर दिनदहाड़े हुई इस हत्या से आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर बवाल करना शुरू कर दिया. समाचार प्रेषण तक सड़क पर बवाल जारी था. वहीं पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है.
दिनदहाड़े अपराधियों ने युवक की गोली मार की हत्या ; आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर काटा बवाल


