CHHAPRA DESK- सारण जिले में रबी मौसम के दौरान किसानों को उर्वरकों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है. जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में रबी मौसम के लिए वर्तमान में यूरिया 12,706.68 मीट्रिक टन, डीएपी 3,684.30 मीट्रिक टन, एनपीके 5,540.05 मीट्रिक टन, पोटाश 1,334.85 मीट्रिक टन एवं एसएसपी 952.70 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है. उर्वरकों की उपलब्धता एवं बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उर्वरक विक्रेताओं एवं प्रतिष्ठानों की सूची प्रतिदिन एनआईसी सारण की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है. संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं कृषि समन्वयक-सह-उर्वरक निरीक्षक के माध्यम से उर्वरक प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध स्टॉक का नियमित सत्यापन भी कराया जा रहा है. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अनियमित बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला स्तरीय छापामारी दल का गठन किया गया है. इस दल द्वारा विशेष अभियान चलाकर अब तक जिले के कुल 480 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है. छापेमारी के दौरान अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए 02 प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति रद्द की गई है. वहीं, 02 थोक उर्वरक विक्रेताओं एवं 02 बीज विक्रेताओं की अनुज्ञप्ति निलंबित की गई है.