GOPALGANJ DESK - गोपालगंज जिला के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी मोड़ के समीप बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति को गोली मार दी. जिसके बाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर किया गया है. गोली लगने से जख्मी व्यक्ति जेसीबी संचालक बताया जा रहा है.

वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है. जख्मी की पहचान कुकुरभुक्का गांव निवासी 40 वर्षीय शैलेश यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से जेसीबी संचालक हैं. बताया जा रहा है कि शैलेश यादव अपनी बुलेट से घर खाना खाने जा रहा था तभी बंजारी के पास पहुंचते ही एक बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर चार राउंड फायरिंग कर दी. एक गोली शैलेश के कंधे में लगी है. वहीं, पुलिस ने 3 खाली कारतूस घटनास्थल से बरामद किया है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश, लेन-देन के विवाद या किसी अन्य आपराधिक एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा. गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और स्थिति पर पूरी नजर बनाए रखी गई है. फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. इस संदर्भ में परिजनों ने बताया कि वह बुलेट पर सवार होकर बसडीला बाजार खाना खाने जा रहे थे, उसी बीच वारदात को अंजाम दिया गया है. उनके अनुसार इसके पूर्व में उसे धमकी भी मिली थी.