VAISHALI DESK - वैशाली के रामचंद्र चौक पर चेन स्नेचिंग के दो आरोपियों को ग्रामीणों ने बाइक समेत पकड़ लिया. ग्रामीणों ने एक आरोपी को शीशम के पेड़ से बांधकर पीटा। इसके बाद दोनों का सिर मुंडवा दिया और उन्हें गांव में घुमाया. ग्रामीणों ने बताया कि 4 सितंबर को बाइक सवार दो युवकों ने रामचंद्र चौक के पास रहने वाले अशोक पंडित की पत्नी सरोज देवी से बेलकुंडा जाने का रास्ता पूछा था. मौका मिलते ही दोनों ने महिला के गले से सोने के दो जितिया छीन लिए और बाइक से भाग गए थे. रविवार को सरोज देवी ने उन्हीं दोनों युवकों को पल्सर बाइक से उसी रास्ते से गुजरते देखा. महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और दोनों को बाइक समेत पकड़ लिया. पूछताछ में एक आरोपी ने जितिया छीनने की बात कबूल की. उसने बताया कि दोनों जितिया रानी पोखर चौक स्थित एक सोना-चांदी दुकानदार को 5 हजार रुपए में बेचे थे. जिसके बाद ग्रामीण दुकानदार के पास पहुंचे. आरोपी से बात कराने के बाद दुकानदार ने जितिया खरीदने की बात मान ली और दोनों जितिया वापस कर दिए. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने 112 टीम को मौके पर भेजा. पुलिस दोनों आरोपियों को भीड़ से निकालकर थाने ले गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान धर्मपुर वार्ड 12 निवासी विजय कुमार पासवान एवं करण कुमार पासवान के रूप में की गई है.