BEGUSARAI DESK - बेगुसराय जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आज देर शाम अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मृतक की पहचान बड़ी सांख निवासी सत्यनारायण यादव के 35 वर्षीय पुत्र विनोद यादव के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद यादव शनिवार रात करीब 8 बजे बड़ी सांख से दूध लेकर सुजाभर्रा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सुजा और सांख के बीच चपरिया मोड़ के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, सदर डीएसपी आनंद पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष तथा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. वहीं इस वारदात के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है. वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है.