CHHAPRA DESK- सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी है. युवक का शव स्थानीय थाना क्षेत्र के दुबवलिया चंवर से बरामद किया गया है. युवक का शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना थाना क्षेत्र के दुबवलिया चंवर का बताया जा रहा है. समाचार प्रेषण तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. मृतक की उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है. सूचना के बाद मौके पर पहुंचे जलालपुर थाना अध्यक्ष मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं.  वहीं लोगों का आरोप है कि लगातार इस जगह पर कई घटनाएं बार-बार हो रही है और पुलिस इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व में हुई घटना के बाद तात्कालिक पुलिस पदाधिकारीयों ने इस क्षेत्र में पुलिस चौकी बनाने का फैसला किया था और जिसको लेकर कुछ हद तक कार्य जमीन पर भी हुआ था परंतु फिर इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया. जिसके कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ गया और लगातार कई घटनाओं को अंजाम देकर शव इस इलाके में छोड़कर अपराधी आसानी से फरार हो जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है. वहीं इस मामले में जलालपुर थाना अध्यक्ष का कहना है कि शव की पहचान को लेकर प्रयास किया जा रहा है.