CHHAPRA DESK - पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन स्थित प्लेटफार्म संख्या तीन पर जीआरपी ने चोरी की सोने की चेन के साथ एक चोर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले का निवासी यूसुफ अली का पुत्र मिजानुर मौला बताया गया है. जीआरपी थाना अध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि आज 02563 ट्रेन से तरैया थाना क्षेत्र के खराटी गांव निवासी चंदन कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ नई दिल्ली जा रहे थे. उसी दौरान आरोपित ने उनके गले से सोने की चेन काट ली. घटना के बाद यात्रियों की सक्रियता और जीआरपी की तत्परता से आरोपित को चोरी की चेन के साथ पकड़ लिया गया. इस संबंध में पीड़ित यात्री ने जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद की है. पूछताछ के बाद जीआरपी ने आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस आरोपित के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है.