SIWAN DESK - सिवान जिला के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव में देर रात जमीन की पहरेदारी कर रहे 50 वर्षीय मजिस्टर यादव को हथियारबंद बदमाशों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया. गोली उनके सीने में लगी है. घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए. गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि मजिस्टर यादव गांव के ही एक व्यक्ति की जमीन की पैसे लेकर पहरेदारी करते थे. देर रात वह उसी जमीन पर सो रहे थे. उसी दौरान बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उन्हें जगाया. जिसके बाद मजिस्टर यादव और बदमाशों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. उसी दौरान मजिस्टर यादव ने एक बदमाश की राइफल छीन ली और एक आरोपी को पकड़ लिया. साथी को पकड़े जाने के बाद उसके साथ आए अन्य बदमाशों ने मजिस्टर यादव पर गोली चला दी. गोली उनके सीने में लगी. जिसके बाद बदमाश अपने साथी को छुड़ाकर बाइक से फरार हो गए. वहीं मौके पर छूटी राइफल पुलिस ने बरामद कर लिया है. इस मामले में जख्मी मजिस्टर यादव का कहना है कि वह हमलावरों को नहीं पहचानते हैं और उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है. इस घटना के पीछे जमीन और रास्ते से जुड़े विवाद की आशंका सामने आई है. इस मामले में नौतन थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि मिर्जापुर गांव सिवान और गोपालगंज जिले की सीमा पर स्थित है. जख्मी जिस जमीन की पहरेदारी कर रहे थे, वह विवादित बताई जा रही है. रास्ते को लेकर भी विवाद चल रहा है. थानाध्यक्ष के अनुसार, रास्ता विवाद को लेकर करीब एक सप्ताह पहले पंचायती हुई थी, लेकिन उसमें सहमति नहीं बन सकी थी. पुलिस जमीन की पहरेदारी, रास्ता विवाद और अन्य विवादित जमीन से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.
गार्ड ने बदमाश से राइफल छीनी ; एक को पकड़ा तो साथी छुड़ाकर भागे, मारी गोली


