CHHAPRA DESK - सारण जिला के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर गांव स्थित मिडिल स्कूल के समीप बजरंग प्रसाद सोनी को गोली मारे जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया गया है. बता दें कि अमनौर थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर गांव निवासी सुरेंद्र साह के 32 वर्षीय पुत्र बजरंग प्रसाद साह को बीती रात दो बाइक सवार 4 अपराधियों के द्वारा गोली मारी गई थी. उस दौरान तीन गोली बजरंग प्रसाद के शरीर में लगी थी, जिन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी स्थिति में सुधार हुआ है. वहीं इस मामले में जख्मी के फर्द बयान में अपने पट्टीदार अमन कुमार एवं यश राज का नाम लिया गया था. दोनों पक्षों के बीच पूर्व से भूमि विवाद होने की जानकारी प्राप्त हुई है. पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अमन कुमार एवं यश राज दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसके द्वारा घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्यों का संग्रह किया गया है. घटना के संबंध में घायल का फर्दबयान प्राप्त कर उसके आधार पर अमनौर थाना कांड संख्या-349/26 दर्ज किया गया है तथा कांड में अग्रेतर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है. गठित टीम द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच तथा घटना में प्रयुक्त आग्नेयास्त्र की बरामदगी हेतु लगातार छापेमारी एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. वहीं घटना के संबंध में अग्रेतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी है.