CHHAPRA DESK- बड़ी खबर सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है. चार की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने घर से दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात, कपड़े और दस हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मामला मांझी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव का है, जहां बीती रात हथियार से लैस चार अपराधियों ने राज कुमार भारती के घर को निशाना बनाया. घटना के समय राज कुमार भारती घर पर मौजूद नहीं थे. बताया जाता है कि वह पंजाब में रहकर अपने दोनों पुत्रों के साथ मजदूरी करते हैं. घर में उनकी पत्नी गायत्री देवी और पुत्री किरण कुमारी ही रहती हैं. इस मामले में पीड़िता ने बताया है कि वह घर में सो रही थी कि अपराधियों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और हथियार के बल पर जान मारने की धमकी देते हुए मां-बेटी को एक कमरे में बंद कर दिया. वहीं, दो अन्य अपराधियों ने ताला तोड़कर जेवरात, कपड़े और करीब दस हजार रुपये नकद लूट लिए. परिजनों के अनुसार, मई महीने में पुत्री की शादी होनी है और परिवार शादी की तैयारी में जुटा था. इसी को लेकर जेवरात बनवाकर घर में रखे गए थे. घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ-2 प्रेमचंद्र सिंह, इंस्पेक्टर किरण शंकर और मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द उद्भेदन करने और आरोपित अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.