CHHAPRA DESK- बाइक लूट के दौरान अपराधियों द्वारा सीने में मारी गई गोली से गंभीर किशोर अंततः जिंदगी की जंग हार गया. उपचार के दौरान पटना में उसकी मौत हुई है. मामला सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव का है. मृत किशोर स्थानीय थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी देव कुमार राय का 17 वर्षीय पुत्र विकास कुमार राय बताया गया है. पटना में उपचार के दौरान मौत के बाद परिवार वाले शव लेकर छपरा पहुंचे, जहां स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड के द्वारा कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है.
2 अगस्त की देर रात मारी गई थी गोली
जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव में बीते 2 अगस्त की देर रात करीब 1:30 बजे विकास जब उठा तो देखा कि उसके घर के बरामदे में खड़ी बाइक कुछ बदमाश ले जा रहे हैं. उस दौरान उसने एक बदमाश को पकड़ लिया, जिसके बाद अन्य बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. उस दौरान एक गोली विकास के सीने में लगी. जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई और चोर बाइक छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए भागने लगे. उस दौरान ग्रामीणों की मदद से भाग रहे तीन बदमाशों को पकड़ लिया गया था. इस घटना के बाद जख्मी हालत में उसे छपरा सदर अस्पताल और फिर वहां से बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया था. जहां उसका उपचार पटना के एक निजी अस्पताल गीतांजलि में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है. इस मामले में जख्मी के फर्द बयान के आधार पर धीरज कुमार राय, पवन कुमार राम, विशाल कुमार राय एवं एकलाख को नामजद किया गया था.
