CHHAPRA DESK - सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पोझी भुवालपुर गांव में बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ उसकी पिटाई कर दी औश्र फिर उसे पुलिस को सौंप दिया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम युवक को अपने साथ थाने ले गई. ग्रामीणों के अनुसार, युवक गांव में संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था और बच्चों से बातचीत कर रहा था. ग्रामीणों को आशंका हुई कि वह बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है. एक ग्रामीण की नजर पड़ने और शोर मचाने के बाद लोगों ने युवक को घेर लिया. कुछ ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट भी की. वहीं पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ की. युवक ने पुलिस को बताया कि वह चश्मा बेचने का काम करता है. पुलिस ने युवक द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन किया. जांच के दौरान उसके खिलाफ बच्चा चोरी से संबंधित कोई प्रमाण नहीं मिला. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवक मूल रूप से मध्य प्रदेश के रतलाम जिले का निवासी है और वर्तमान में मुजफ्फरपुर में अपने एक रिश्तेदार के यहां रहकर चश्मा बेचने का काम करता है. आवश्यक सत्यापन के बाद उसे छोड़ दिया गया. इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर कानून अपने हाथ में न लें. किसी भी व्यक्ति पर संदेह होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि मामले की सही जांच हो सके और अफवाहों के कारण किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना न हो.
चश्मा बेचने पहुंचा था गांव ; बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने कर दी पिटाई फिर पुलिस को सौंपा


