SAMASTIPUR DESK - बिहार के जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर से भी एक युवती के साथ सरेराह अभद्रता का वीडियो सामने आया है. जो कि अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. मामला जिला मुख्यालय से कुछ किलोमीटर दूर कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाइपास रोड का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि युवती एक युवक के साथ बाइक से गुजर रही थी. दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे. उसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया. आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती से नाम-पता पूछते और कथित तौर पर बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर अनुचित तरीके से टच करने और सड़क पर खींचने जैसी हरकतें भी दिखाई दे रही हैं. हालांकि, वीडियो की पूरी परिस्थितियों और घटना की सत्यता की पुलिस जांच कर रही है. घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया. जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद कर्पूरीग्राम थाना पुलिस सक्रिय हुई और वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान शुरू की. सूत्रों के अनुसार, मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है. चिह्नित आरोपितों में जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार पासवान, रामबाबू सहनी एवं कर्पूरी ग्राम निवासी अवधेश पासवान शामिल हैं. बताया जा रहा है कि विकास शर्मा के खिलाफ शराब से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं. इस मामले में FIR की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही वायरल वीडियो की जांच कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी सत्यापन किया जा रहा है.
जमुई की घटना थमी नहीं कि समस्तीपुर में युवती से सरेराह अभद्रता का वीडियो वायरल ; चार मनचले युवक गिरफ्तार


