CHHAPRA DESK - जनगणना कार्य निदेशालय बिहार के सहायक निदेशक अंगद सिंह ने आज सारण जिला का भ्रमण किया. उन्होंने भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत चल रहे जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) कार्य के तहत ग्रामीण और शहरी निर्देशिका के डेटा कलेक्शन कार्य का निरीक्षण किया. इस क्रम में उन्होंने छपरा नगर निगम के साथ ही नगरा एवं छपरा सदर प्रखंड चार्ज का दौरा किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने राजस्व ग्रामवार संकलित डेटा के फाइनल सबमिशन की स्थिती, अद्यतन कार्य प्रगति तथा डेटा की गुणवत्ता आदि की जांच की. उन्होंने कहा कि डीसीएचबी के आंकड़े योजना, विकास एवं अन्य कार्यों के लिए आधार होते हैं. इसलिए उसके सटीक और शुद्ध होने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. क्षेत्र अधिकारियों द्वारा सबमिट किए गए एक-एक डेटा की जबतक क्राॅस चेकिंग कर चार्ज अधिकारी संतुष्ट नहीं हो जाते और डेटा की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हो जाती तबतक पोर्टल पर अंतिम रूप से अप्रूव न करें. उन्होंने कहा कि फाइनल अप्रूव करने के लिए निदेशालय द्वारा आदेश दिया जाएगा. श्री सिंह ने सभी चार्ज अधिकारी को राजस्व ग्राम के दिल्ली से प्राप्त वर्किंग मैप पर क्षेत्र अधिकारीयों से स्थानीय जनसुविधाओं को इंडेक्स नंबरिंग द्वारा स्थलीय मार्किंग कराने का कार्य प्रारम्भ करने का निर्देश दिया. उन्होंने क्षेत्र में आए महत्तवपूर्ण बदलाव का प्रतिवेदन तैयार कर जिला नोडल को उपलब्ध कराने को कहा. वर्किंग मैप फील्ड फंक्शनरीज को वितरण और उसपर कार्य प्रारंभ करने आदि बिंदुओं पर चार्ज अधिकारी के साथ चर्चा करते हुए समयानुसार कार्य समाप्त करने पर जोर दिया. साथ में मौजूद डीसीओ जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद एवं सहयोगी पदाधिकारी आयुषी सिंह ने सभी चार्ज से फिल्ड फंक्शनरीज से उनके आवंटित ग्राम का फाइनल सबमिशन अपनी निगरानी में जांचोपरांत पूरा करने को कहा. उन्होंने कहा कि इसके बाद क्राॅस चेकिंग प्रारम्भ किया जाएगा. कार्य में शून्य त्रुटि का प्रयास किया जाएगा. सारण के डीसीएचबी को आदर्श और उदाहरण के रूप में रखने का लक्ष्य सभी के सहयोग से पूरा किया जाना है. इस अवसर पर उप नगर आयुक्त अरशद इमाम, नगरा बीडीओ अनुभव कुमार, सदर बीडीओ राहुल कुमार, बीएओ राजनारायण कुमार आदि उपस्थित थे.