CHHAPRA DESK- शिक्षा के साइट पर पोर्न साइट का लिंक आना शिक्षा व्यवस्था को तार-तार करने के लिए काफी है. ऐसा ही एक मामला छपरा जयप्रकाश विश्वविद्यालय के साइट से सामने आया है. जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) की आधिकारिक वेबसाइट पर कॉलेजों से जुड़े वेबपेज में कथित तौर पर पोर्न वेबसाइटों के लिंक दिखने का मामला सामने आने से विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया. विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर कॉलेजों के पेज खोलने पर आपत्तिजनक लिंक दिखाई देने की शिकायत सामने आने के बाद वेबसाइट की सुरक्षा, तकनीकी निगरानी और कॉलेज स्तर पर डिजिटल व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं. बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट से जुड़े गंगा सिंह कॉलेज, छपरा और होती लाल कॉलेज, अमनौर समेत कुछ कॉलेजों के वेबपेज पर ऐसे लिंक दिखाई दे रहे थे. सामान्य तौर पर इन वेबपेजों का इस्तेमाल कॉलेज से संबंधित शैक्षणिक, प्रशासनिक और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं को प्रदर्शित करने के लिए किया जाता है. ऐसे में आपत्तिजनक लिंक का प्रदर्शित होना विश्वविद्यालय की डिजिटल व्यवस्था के लिए गंभीर तकनीकी समस्या के रूप में देखा जा रहा है.

शिकायत मिलने के बाद हटाए गए लिंक

ऐसा मामला सामने आने के बाद इसकी शिकायत विश्वविद्यालय के आईटी सेल तक पहुंची. जेपी विश्वविद्यालय के आईटी सेल के हेड प्रोफेसर विद्याधर सिंह ने बताया कि उन्हें भी इस संबंध में शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद संबंधित आपत्तिजनक लिंक को हटा दिया गया है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर से मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है. प्रोफेसर विद्याधर सिंह के अनुसार, कई कॉलेज समय-समय पर अपनी पुरानी वेबसाइट को बंद कर नई वेबसाइट तैयार करते हैं. ऐसी स्थिति में पुरानी वेबसाइट या उससे जुड़े डिजिटल संसाधनों की पर्याप्त सुरक्षा नहीं होने पर किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा उसे दोबारा सक्रिय किए जाने की संभावना हो सकती है. इसी तरह की तकनीकी खामी का फायदा उठाकर आपत्तिजनक लिंक प्रदर्शित किए जाने की आशंका जताई जा रही है.

कॉलेजों के आईटी प्रतिनिधियों को मिलेगा प्रशिक्षण

आईटी सेल के हेड ने बताया कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विश्वविद्यालय स्तर से सभी कॉलेजों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे. साथ ही कॉलेजों के आईटी सेल से जुड़े प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है. इसमें वेबसाइट की सुरक्षा, पुराने वेबपेज और डोमेन की निगरानी, पासवर्ड सुरक्षा तथा वेबसाइट के तकनीकी प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाएगी. अब विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अब यह चुनौती है कि कॉलेजों की वेबसाइट और विश्वविद्यालय की मुख्य वेबसाइट के बीच तकनीकी समन्वय को और मजबूत किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पुराने अथवा निष्क्रिय वेबपेज किसी बाहरी व्यक्ति के लिए आसानी से उपयोग योग्य न रहें.