GAYA DESK - गया जिले के बेलागंज थाना पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी, स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में शामिल कोढ़ा गैंग के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है. आरोपी पवन यादव का आपराधिक इतिहास पुराना है और उसके खिलाफ बिहार के कई जिलों में मामले दर्ज हैं. गयाजी जिला के बेलागंज थाना पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी, स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज गांव निवासी पवन यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे बाइक चोरी के एक मामले में बेला स्टेशन से गिरफ्तार किया. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार पवन यादव कोढ़ा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है और उसका आपराधिक इतिहास पुराना है.

विभिन्न जिलों के थानों में दर्ज हैं मामले

 पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बिहार के कई जिलों के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं. इनमें गोपालगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर व नालंदा समेत अन्य जिलों में बाइक चोरी, स्नैचिंग, लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं से संबंधित मामले शामिल बताए गए हैं. 

लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और विभिन्न स्थानों पर चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ था. बेलागंज थाना पुलिस ने मामले में कांड संख्या 516/26 दर्ज किया है. पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.