CHHAPRA DESK - सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनगढ़हा डीह गांव में एक युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. खेत में उस युवक का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. जांच के क्रम में पाया गया कि उसके सिर के पीछे जख्म का निशान था, जिससे प्रतीत हो रहा है कि डंडे के प्रहार से उसके सिर पर गंभीर जख्म का निशान बना है और उसकी मौत हुई है. परिवार वालों ने लाठी-डंडे से पीट कर हत्या का आरोप लगाया है. हालांकि सूचना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. मृत युवक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के धनगड़हा गांव निवासी स्वर्गीय तपेश्वर महतो के 35 वर्षीय पुत्र मोती महतो के रूप में की गई. इस घटना की सूचना के बाद घर परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों के अनुसार, मोतीलाल महतो को रात में किसी व्यक्ति ने फोन कर बुलाया था. जिसके बाद वह करीब 12 बजे रात में घर से निकला था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. अगले दिन परिजन खेत की तरफ गए थे. उसी दौरान मक्के के खेत में मोतीलाल का शव पड़ा दिखाई दिया. जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. घटना की सूचना मिलते ही बनियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. परिजनों ने आशंका जताई है कि लाठी-डंडे से हमला कर उसकी हत्या की गई है. परिजनों का कहना है कि जिस व्यक्ति के फोन पर मोतीलाल रात में घर से निकला था, उसकी भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए. वहीं, जिस मक्के के खेत से शव बरामद हुआ है, वहां मक्के की फसल के क्षतिग्रस्त नहीं होने की बात भी सामने आई है. इस आधार पर परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कहीं अन्यत्र करने के बाद शव को मक्के के खेत में छिपाने के उद्देश्य से फेंका गया होगा. परिजनों ने संदेह के आधार पर पुलिस को कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है.
लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या ; मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस


