MUZAFFARPUR DESK - मुजफ्फरपुर जिला के कांटी थाना इलाके में प्राइवेट स्कूल में भूमि विवाद के चलते सुरक्षा गार्ड पर हमला करने आए पांच बदमाशों में से दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से दो लोडेड कट्टा और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. यह घटना तब हुई जब रंगदारी के लिए फायरिंग का एक मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ था कि पांच बदमाश एक स्कॉर्पियो गाड़ी से स्कूल परिसर में घुस गए. जब स्कूल के सुरक्षा गार्ड ने स्कॉर्पियो को अंदर जाने से रोका, तो बदमाशों ने गाड़ी से उतरकर उसकी पिटाई शुरू कर दी. तब सुरक्षा गार्ड के चिल्लाने और स्कूल में मचे शोर-शराबे को सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए और ग्रामीणों ने बिना डरे बदमाशों को घेर लिया और घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया. पकड़े गए बदमाशों की पहचान नालंदा जिले के एकंगसराय थाना क्षेत्र के रहने वाले राहुल कुमार और सोनू कुमार के रूप में हुई है. ग्रामीणों की पिटाई के कारण दोनों बदमाश घायल हो गए, जिनका पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में इलाज चल रहा है.

यह है पूरा मामला 

इस मामले में पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित सुरक्षा गार्ड अशोक कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि स्कार्पियो सवार बदमाश जबरन स्कूल में घुसे थे. उनसे 50 लाख रुपए की रंगदारी मांग रहे थे. विरोध करने पर उन लोगों ने मारपीट की. वहीं दूसरी ओर स्कूल के निदेशक मयंक ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा गार्ड अशोक कुमार का उनके पैतृक गांव मसौढ़ी में ही कोई पुराना जमीन संबंधी विवाद चल रहा है. उसी आपसी रंजिश और विवाद को लेकर विपक्षी बदमाश स्कार्पियो से यहां पोखरैरा पहुंचे थे. इस घटना का विद्यालय प्रबंधन या स्कूल के कामकाज से कोई लेना-देना नहीं है.