CHHAPRA DESK- सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र से एक बड़ी व सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक व्यक्ति की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई है. मामला अवतार नगर थाना क्षेत्र के झौंआ गांव से सामने आया है. उस व्यक्ति का शव रसूलपुर गांव से बरामद किया गया है. मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के झौंआ गांव निवासी स्वर्गीय एतवारचंद राय के 60 वर्षीय पुत्र रामलाल राय उर्फ भानु राय के रूप में की गई है, जो कि शराब के लती थे. बताया जाता है कि वह शराब पीने के लिए गांव के बाहर स्थित नेटुआ टोली में गए थे, जहां उनका किसी नेटुआ से पीने के दौरान विवाद हुआ था. उनका शव गांव से बरामद होने के साथ ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त किया. उनका सिर कूंचा हुआ था. सूचना के बाद परिवार वाले रोते-पीटते मौके पर पहुंचे और पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां मृतक के परिवार वालों ने बताया कि वह शराब पीने के लिए नेटुआ के पास गए थे और वही मारपीट के बाद नेटुआ के द्वारा हत्या किए जाने का उन्हें अंदेशा है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. वहीं समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी.
मारपीट के बाद एक व्यक्ति की सिर कूंचकर निर्मम हत्या ; शराब बेचने वाले नेटुआ पर लगा आरोप

