MUZAFFARPUR DESK - मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है. बीएमपी-6 के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने पिस्टल के बल पर महिला कांस्टेबल के गले से सोने की चेन छीन ली. विरोध करने पर अपराधियों ने कुछ दूर जाकर फायरिंग भी की. हालांकि इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ. पीड़ित महिला कांस्टेबल की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है. उसने बताया कि, वह बीएमपी में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं. बीएमपी-6 से थोड़ी दूरी पर सब्जी खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं. उसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे, घर के पास जैसे ही वह गली में मुड़ने लगीं, बाइक सवार अपराधियों ने आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक दिया. स्कूटी की रफ्तार धीमी होते ही अपराधी ने पिस्टल दिखाकर गले से सोने की चेन छीन ली. महिला कांस्टेबल ने रोकने की कोशिश की, लेकिन अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए. उस संबंध में उन्होंने बताया कि वह बाजार से सब्जी लेकर आ रही थी. उसके पीछे काली रंग की बाइक से दो लोग आये थे. गली में आते ही मेरी स्कूटी के आगे आकर रोक दिए. मेरे पर पिस्टल तानकर मेरे गले से सोना का चेन छीन लिया. चेन छीनकर फायरिंग करते हुए भाग निकले. वैसे अपराधियों के बढ़ते मनोबल का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पुलिसकर्मी को निशाना बनाया और विरोध करने पर खुलेआम फायरिंग कर फरार हो गए.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. नगर डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी. घटना की जानकारी मिली है. आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाला जा रहा है. जल्द ही उसकी पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी.