CHHAPRA DESK - छपरा शहर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बिनटोलिया मोहल्ला स्थित मां गहना ज्वेलर्स का शटर तोड़कर चोरों ने नकद एवं आभूषण समेत ₹10 लाख से अधिक की संपत्ति की चोरी कर ली है. उक्त दुकान शहर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बिनटोलिया निवासी भगवान लाल सोनी की बताई गई है. इस संबंध में दुकानदार ने बताया कि उनका दुकान मां गहना ज्वेलर्स बिनटोलिया स्थित बीआरसीसी के समीप है. बिती देर संध्या दुकान को बंद करने के बाद वह अपने घर चले गए. आज सुबह जब उठकर दुकान पर पहुंचे तो देखा की दुकान का शटर टूटा हुआ है और दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया गया है. जिसके बाद उन्हें समझते देर नहीं लगी कि दुकान में चोरी हो चुकी है और इस घटना के बाद उनके द्वारा 112 डायल पुलिस को फोन किया गया. सूचना के बाद 112 डायल पुलिस एवं मुफस्सिल थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन प्रारंभ की. वहीं जांच के क्रम में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. इस संबंध में पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उनके दुकान का शटर तोड़ने के बाद चोरों ने दुकान में घुसते के साथ ही अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया है. जिसके बाद तिजोरी को तोड़कर तिजोरी में रखें करीब ₹1 लाख नकद के साथ 3 किलो चांदी के आभूषण एवं करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिया है. हालांकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी. वहीं पुलिस चोरों की पहचान को लेकर उसे क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है.