CHHAPRA DESK- सोनपुर मंडल में बिना टिकट और गलत टिकट लेकर यात्रा करने वालों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया. यह मेगा टिकट जांच अभियान 14 सितंबर को सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया और नवगछिया समेत कई स्टेशनों और ट्रेनों में हुआ. यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार की देखरेख में चला. इसमें टिकट जांच करने वाले कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग की टीमों ने मिलकर काम किया. 16 लाख का जुर्माना वसूला इस जांच के दौरान 1,888 ऐसे यात्री पकड़े गए जो बिना टिकट, गलत टिकट या बिना सही परमिशन के यात्रा कर रहे थे. इन यात्रियों से रेलवे ने 16 लाख 54 हजार 710 रुपए का जुर्माना वसूला। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें. बिना टिकट या गलत टिकट पर यात्रा करने पर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. सोनपुर मंडल ने साफ किया है कि रेलवे के राजस्व को बचाने और यात्रियों को नियमों के हिसाब से यात्रा की सुविधा देने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.