CHHAPRA / MUZAFFARPUR DESK - इस वक्त की बड़ी खबर छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत पुलिस लाइन हवाई अड्डा से सामने आ रही है. जहां मुजफ्फरपुर के एक युवक की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. जिसके बाद मृत युवक की पहचान मुजफ्फरपुर जिला निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है. पहचान के बाद इस घटना की सूचना उसके घर वालों को दे दी गई है. वहीं पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, खून से सना कपड़ा समेत अन्य सामान बरामद किया है. जिसके बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए गये. वहीं इस मामले में नगर थानाध्यक्ष के द्वारा उसके एक साथी को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. घटना बीती देर रात की है.
छपरा में मिठाई के कारखाना में काम करता था सचिन
प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन मिठाई बनाने का काम करता था और वह छपरा शहर के गांधी चौक स्थित एक मिठाई के कारखाना में काम करता था. शव की पहचान के बाद पुलिस ने इस घटना की सूचना उसके घर वालों को दी है. फिलहाल उसके घर वाले छपरा पहुंच रहे हैं. मिठाई कारखाना में ही काम कर रहे एक युवक के साथ उसकी दोस्ती थी और दोनों पुलिस लाइन हवाई अड्डा गए थे. फिलहाल हत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच -पड़ताल में जुटी है. वहीं इस मामले में एसएससी रौशन कुमार ने शीघ्र ही मामले के उद्भेदन का आश्वासन दिया है.

