CHHAPRA DESK- छपरा नगर थाना के गेट के समीप ही बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट लिया और फरार हो गये. घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक दोनों बदमाश बाइक से फरार हो चुके थे. इस मामले में पीड़ित महिला नगर थाना क्षेत्र के शिल्पी पोखरा मोहल्ला निवासी डॉ शशि रंजन की पत्नी जया निधि के द्वारा नगर थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है. जिसमें उसके द्वारा बताया गया है कि वह रविवार की संध्या मंदिर गई थीं. पूजा करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थीं. उसी दौरान नगर थाना के गेट के पास बाइक सवार दो उचक्के पहुंचे और मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली. अचानक हुई घटना से वह हतप्रभ रह गईं. उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए वहां से निकल गए. पीड़िता के अनुसार, चेन झपटने के बाद बदमाश म्युनिसिपैलिटी चौक की ओर भागे. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही है.