GOPALGANJ DESK - गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के श्याम सिनेमा रोड में 20 वर्षीय एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. छात्रा का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका की पहचान जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरैया पहाड़ गांव निवासी रघुनाथ शर्मा की 20 वर्षीय बेटी उजाला कुमारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि उजाला गोपालगंज शहर के श्याम सिनेमा रोड में किराए के कमरे में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी. रविवार को कमरे में उसका शव मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी. घटना की सूचना पर नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. FSL टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की. पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. उजाला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है. बताया जाता है कि उजाला तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी. उसकी अचानक मौत से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.

