CHHAPRA DESK - सारण जिले के सोनपुर थाना अंतर्गत पहलेजा बल्ली टोला में रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद गोलियां चलने लगी. सूचना के बाद 112 डायल पुलिस और सोनपुर थाना पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंची, जहां घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया गया है. हालांकि पुलिस फायरिंग की घटना से इनकार कर रहे हैं, लेकिन इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें गोली की आवाज सुनी जा रही है.हालांकि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इस मामले में दोनों ही पक्षों के द्वारा एक दूसरे के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जिसमें एक दूसरे के ऊपर फायरिंग करने की बात कही गई है. घटना बीते दिन की बताई गई है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है.एक पक्ष से स्थानीय निवासी भीष्म राय की पत्नी ज्ञांति देवी के द्वारा गांव के छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जिसमें उनके द्वारा बताया गया है कि उसके प्रति भीष्म राय के द्वारा श्रीकांत राय को ट्रैक्टर खरीदने के लिए ₹2 लाख का कर्ज दिया गया था, जिसमें ₹1 लाख बकाया है. जब उसके पति बकाया रुपया मांगने उनके घर पहुंचे तो उन लोगों के द्वारा मारपीट के बाद फायरिंग की जाने लगी. उनके द्वारा दर्ज बयान में स्थानीय निवासी रघुवर राय के पुत्र जितेंद्र राय एवं उनके दो पुत्र श्रीकांत राय व रणवीर राय के साथ रविशंकर राय, गुड्डू राय एवं रोशन कुमार को नामजद किया गया है. जबकि दूसरे पक्ष से श्रीकांत राय के द्वारा अपने दिए गए फर्द बयान में बताया गया है कि उनके द्वारा वर्ष 2013 में ट्रैक्टर खरीदने के लिए भीष्म राय से ₹2 लाख 5% ब्याज पर कर्ज लिया गया था और ब्याज की रकम चुकता नहीं कर पाने के कारण वर्ष 2019 में भीष्म राय उनके दरवाजे से ट्रैक्टर लेकर चला गया. उस समय हुआ कि सब कुछ लेनदेन बराबर हो गया, लेकिन उसके बाद वह ₹1 लाख और ब्याज का लेने के लिए दबाव बनाने लगे और जिसको लेकर उनके द्वारा अपने भाई बबलू राय, कुशवंत राय उर्फ टुनमुन एवं रामसूरत राय के पुत्र शैलेश राय के साथ आकर गोली चलाना शुरु कर दिए.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
इस विषय पर पूछे जाने पर सोनपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. वही फायरिंग की बात से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है. घटना स्थल से बरामद दोनों खोखा की भी जांच की जा रही है, जिसे उठाकर ग्रामीणों के द्वारा दिया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.


